सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय आवाहन पर आज वीर सावरकर शाखा सुभाष बस्ती के बभनौली मोहाल में स्वयंसेवक संगम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ पवित्र भगवा ध्वज के सानिध्य में पूज्य डॉक्टर साहब व गुरु जी की प्रतिमा पर कार्यक्रम के अध्यक्ष द्वारा माल्यार्पण व पुष्प अर्पण के साथ प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राम जी सिंह व कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रामनाथ त्रिपाठी, वक्ता इंदु प्रकाश तथा कार्यक्रम के संयोजक जय सिंह व सह संयोजक महेंद्र रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर प्रचार प्रमुख गौतम बरनवाल ने किया। कार्यक्रम में गण गीत का गायन सह नगर प्रचार प्रमुख कृष्ण कुमार केशरी,अमृत वचन मुख्य शिक्षक प्रियांशु व एकल गीत उत्कर्ष कुमार सिंह ने गाया।
कार्यक्रम में संघ स्थान पर नित्यप्रति खेले जाने वाले खेल, व्यायाम,योग व सूर्य नमस्कार के साथ-साथ संवाद सत्र का भी कार्यक्रम चला। संवाद सत्र में उपस्थित लोगों ने बस्ती व समाज की समस्या व समाधान पर चर्चा किया। मुख्य वक्ता रामनाथ त्रिपाठी ने संगठित हिन्दू समर्थ भारत विषय पर बौद्धिक उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा स्वयंसेवक संगम कार्यक्रम मनाने का एकमात्र उद्देश्य है कि समाज की सुप्त सज्जन शक्तियां जागृत एवं संगठित रहें,संगठित हिंदू समाज से ही हमारा समाज व राष्ट्र सुरक्षित रहेगा।
परम पूज्य डॉक्टर साहब ने कुछ लोगों को संगठित कर उसी पुराने वैभवशाली स्थिति में लाने का जो प्रयास शुरू किया था वह अब फलीभूत होता दिखाई दे रहा है और स्वयंसेवकों के रूप में पूरी दुनिया में हिंदू समाज के रूप मे संगठित होकर भारत को पुनः अपने उसी स्वर्णिम युग में ले जाने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं। परम पूज्य डाक्टर साहब के इस प्रयास से हम सभी स्वयंसेवकों को भारत का गौरव पुनः स्थापित करने का मौका मिला हुआ है जिसे पूरी तन्मयता से आगे बढ़ाने की जरूरत है ताकि भारत पुनः अपनी श्रेष्ठता पूरी दुनिया में स्थापित कर सकें।

कार्यक्रम में जिला प्रचार प्रमुख नीरज कुमार सिंह,शिव पूजन, केदारनाथ,कौशल गिरी,संदीप पाल, वीरेन्द्र प्रताप आदि गणमान्य उपस्थित रहे।
