सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिवस आज कैनाल बंगला परिसर में उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर 121वीं जयंती मनाई गई और चौधरी चरण सिंह को याद किया गया। किसान नेता चौधरी यशवंत सिंह ने कहा कि आज 23 दिसंबर को पूरा देश ‘किसान दिवस’ के रूप में मना रहा है। आज के दिन भारत के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्म हुआ था। जिन्होंने किसानों के जीवन और स्थितियों को बेहतर बनाने के लिए कई नीतियों की शुरुआत की थी। भारत सरकार ने वर्ष 2001 में चौधरी चरण सिंह के सम्मान में हर साल 23 दिसंबर को किसान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया।
वरिष्ठ नेता चौधरी यशवंत सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने सहकारी खेती का विरोध, कृषि कर्ज माफी, कृषि को आयकर से बाहर रखने, किसानों को जोत बही दिलाने, नहर पटरी पर चलने पर जुर्माना वसूलने का ब्रिटिश कानून खत्म करने, कृषि उपज की अंतरराज्यीय आवाजाही पर रोक हटाने और कपड़ा मिलों को 20 प्रतिशत कपड़ा गरीबों लिए बनवाने जैसे शानदार काम किए ।
पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने इकोनामिक नाइट मेयर आफ इंडिया समेत कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखीं। चौधरी साहब का मानना था कि ऐसे उद्योग सृजित होने चाहिए, जिनमें श्रम की मांग ज्यादा हो, जिससे अधिक लोगों को रोजगार मिल सके।
इस अवसर पर अशोक कुमार कनौजिया, सुनील कुमार सिंह पटेल, दीप नारायण पटेल, प्रदीप चौहान, संदीप जायसवाल, अशोक आदि लोग उपस्थित रहे।
