अशोक केसरवानी
कौशाम्बी(उत्तर प्रदेश)। जिले में अवैध निर्माण की सूचना पर पहुँचे चौकी इंचार्ज पर आरोपियों ने हमला कर दिया। इस हमले में चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सीओ कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे और घायल चौकी इंचार्ज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना करारी थाना क्षेत्र के अर्का महावीरपुर गांव की है,जहाँ गांव के रहने वाले संतोष कुमार सरोज का गांव के ही वेद प्रकाश शुक्ला, पिन्टू शुक्ला और विनोद कुमार से ढाई विश्वा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार की देर रात अंधेरे में संतोष कुमार सरोज जबरन निर्माण कार्य करवा रहा था। तभी विपक्षी ने करारी पुलिस को कोर्ट के स्टे के बावजूद रात के अंधेरे में निर्माण कार्य कराए जाने की सूचना दिया। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज अर्का महावीरपुर अजीत कुमार उपाध्याय अपने हमराहिओ के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रोकने लगे। इस दौरान वहां मौजूद संतोष कुमार सरोज उनकी बेटी पूजा और नीलम समेत अन्य लोग चौकी इंचार्ज पर हमला कर दिया। आरोपियों द्वारा पुलिस पर जमकर पथराव किया गया। जिसमें चौकी इंचार्ज अजीत कुमार उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस पर हमले की सूचना सीओ मंझनपुर योगेंद्र कृष्ण नारायण को मिली तो वह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल चौकी इंचार्ज अजीत कुमार उपाध्याय को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहाँ उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस द्वारा किए का बल प्रयोग में संतोष और उसकी बेटी पूजा भी मामूली रूप से घायल हुई है। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद हमले के मुख्य आरोपी संतोष कुमार सरोज और उनकी बेटी को हिरासत में ले लिया है।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव जिला अस्पताल पहुंचे और घायल चौकी इंचार्ज से मिलकर उनका हालचाल जाना।
इस सम्बंध में एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि अर्का महवीरपुर गांव में अवैध निर्माण कार्य की सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे थे। जहां आरोपियों द्वारा उन पर ईट पत्थर से हमला कर दिया गया है। जिससे चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
